महाराष्ट्र के (जलगांव:23.01.2025) : लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में आग की अफवाह फैलने के बाद महाराष्ट्र के जलगांव में कई यात्री चेन खींचकर ट्रेन से कूद गए। इनमें से कई यात्रियों को दूसरी पटरी पर आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने रौंद दिया।
बता दें कि आधिकारिक रुप से रेलवे की ओर से हादसे में मृतकों की संख्या नहीं बताई गई है मगर विशेष पुलिस महानिरीक्षक दत्तात्रेय कराले ने कहा कि घटनास्थल से 12 शव सिविल अस्पताल भेजे गए हैं जबकि छह से सात लोग घायल हैं। किसी भी घायल की स्थिति गंभीर नहीं है और उनका करीबी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों ट्रेनों के ड्राइवरों ने प्रोटोकॉल का पालन किया था। साथ ही उन्होंने दुर्घटना से बचने की पूरी कोशिश की। मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुष्पक एक्सप्रेस के ड्राइवर ने नियम के मुताबिक घटनास्थल पर फ्लैशर लाइट चालू कर दी थी। उन्होंने बताया कि कर्नाटक एक्सप्रेस के ड्राइवर ने पुष्पक एक्सप्रेस की फ्लैशर लाइट सिग्नल देखकर ब्रेक लगा दिया था। लेकिन ट्रैक के घुमावदार होने की वजह से कर्नाटक एक्सप्रेस की दृश्यता और उसकी ब्रेक लगाने की दूरी प्रभावित हुई।
इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने हादसे में घायलों और मृतकों के परिजनों के लिए वित्तीय सहायता का एलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जलगांव जिले में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में मरने वालों के परिवारों को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, और राज्य सरकार घायलों का पूरा खर्च भी वहन करेगी। मैं भगवान से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करता हूं।
बिहार में NDA सरकार बना पाएगी ?
इस साईट पर प्रकाशित सभी सामग्री का सर्वाधिकार © daytodaysnews.com के पास सुरक्षित है।